दस साल की उम्र में कराटे ब्लैक बेल्ट चेम्पियन बनी जेएससी की देवना

जोबनेर की जेएससी स्कूल एवं स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी देवना चौधरी ने मात्र 10 वर्ष की उम्र में कराटे प्रतियोगिता में ब्लैक बेल्ट हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देवना ने करोटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अंतर्गत जापान शोतोकान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कराटे ब्लैक बेल्ट टेस्ट में भाग लेकर कराटे ब्लैक बेल्ट टेस्ट पास कर अपने गांव एवं परिवार का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर कराटे एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के चेयरमैन सिंहान महेश कुमार कुमावत का कहना है कि देवना की उपलब्धि उसके नियमित व कठिन अभ्यास से ही संभव हुई है। इससे पहले देवना कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी है।

Read more: ग्रेपलिंग के अखाड़े में जयपुर ने मारी बाजी, 63 स्वर्ण के साथ पहला स्थान

देवना ने मात्र 5 वर्ष की उम्र में ही कराटे सीखना शुरू कर दिया था। उनकी इस उपलब्धि में उनकी माता रितु चौधरी का बहुत बड़ा सहयोग व संघर्ष रहा। उन्होंने बेटियों को पढ़ाने के साथ मजबूत बनाने व समाज में आगे बढ़ाने के लिए एक प्रेरणादायक कार्य किया है। देवना चौधरी की इस कामयाबी पर सभी ग्रामवासियों ने शुभकामनाएं दी है।