ग्रेपलिंग के अखाड़े में जयपुर ने मारी बाजी, 63 स्वर्ण के साथ पहला स्थान
- जयपुर चौगान स्टेडियम में पांचवीं ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
- ओलंपिक खिलाड़ी और पदाधिकारियों ने विजेताओं को किया सम्मानित
News Breathe: जयपुर के ऐतिहासिक चौगान स्टेडियम में 12 से 13 जुलाई तक आयोजित पांचवीं ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता में राजस्थान के कोने-कोने से आए 300 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जयपुर जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 63 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि जालौर जिले ने 38 स्वर्ण पदक के साथ दूसरा और भीलवाड़ा ने 26 स्वर्ण पदक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि ओलंपिक खिलाड़ी एवं अर्जुन अवॉर्डी गोपाल सैनी, चौगान स्टेडियम अधिकारी मानसिंह तथा राजस्थान पैरा ओलंपिक महासचिव हिम्मत सिंह ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उत्साह को दोगुना किया।
Read more: दस साल की उम्र में कराटे ब्लैक बेल्ट चेम्पियन बनी जेएससी की देवना
इस अवसर पर ग्रेपलिंग राजस्थान के जनरल सेक्रेटरी महेश कुमावत ने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे और अधिक मेहनत कर राजस्थान को राष्ट्रीय पटल पर अव्वल लाने का आह्वान किया।

ग्रेपलिंग राजस्थान के अध्यक्ष जयराम सिंगोडिया एवं कोषाध्यक्ष मोहित कराडिया ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजस्थान के पहलवानों के इस जोश और जज़्बे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि राज्य कुश्ती और ग्रेपलिंग जैसे खेलों में निरंतर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है।